सतना: मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जरियारी के पास चल रही एक अवैध शराब दुकान पर संयुक्त टीम ने छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में शराब जब्त की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। सतना और मैहर की आबकारी टीम ने रविवार को यह कार्रवाई की।छापेमारी में टीम को जरियारी इलाके से 72 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। जांच में पता चला कि नेशनल हाईवे के किनारे टीनशेड डालकर अवैध रूप से शराब की दुकान चलाई जा रही थी। विभाग अब इस जमीन और अवैध निर्माण की भी जांच करवा रहा है।
मौके से चार आरोपियों को पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपियों में रंजीत साकेत (22), अमन पटेल (22), नवीन सेन (29) और राजेश पटेल (41) शामिल हैं। ये सभी नादन क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। बस स्टैंड में भी दबिशजरियारी के अलावा आबकारी विभाग ने अमरपाटन बस स्टैंड क्षेत्र में भी तीन जगहों पर दबिश दी। यहां से करीब 20 लीटर देशी शराब बरामद हुई है और आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए। आबकारी विभाग का कहना है कि वे इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
