सहायक उपकरण केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि जीवन में नई गति प्रदान करने का माध्यम: डॉ राजेश

सीधी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जनपद पंचायत कुसमी में भारत सरकार की वयोश्री योजना एवं एडिप योजना अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में 65 हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, सुगम्य केन, आईडी किट सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत दो हितग्राहियों को उच्च शिक्षा में सहयोग हेतु लैपटॉप भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सम्मानजनक, आत्मनिर्भर और सुगम बनाना सरकार की प्राथमिकता है। सहायक उपकरण केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, स्वावलंबन और जीवन में नई गति प्रदान करने का माध्यम हैं। सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के अनुरूप शासन की योजनाएं जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने हितग्राहियों से शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढऩे का आह्वान किया।

कार्यक्रम अतिरिक्त सीईओ एवं उपसंचालक धनंजय मिश्रा तथा सीईओ जनपद पंचायत कुसमी ज्ञानेन्द्र मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के ट्रांस डिसिप्लिनरी विशेष शिक्षक (आईडी) शिवांशु शुक्ला एवं सीनियर फिजियोथैरेपिस्ट डॉ.दीपक त्रिपाठी द्वारा चिन्हांकित हितग्राहियों को उपकरण वितरण में तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जयराज सिंह द्वारा किया गया। हितग्राहियों के आवागमन, बैठने, पंजीयन एवं उपकरण वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को लाने और वापस पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की। कार्यक्रम में प्रभात शुक्ला सहित सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

दिव्यांगजन व वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर: टेेकाम

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन एवं वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके जीवन को सहज एवं सम्मानपूर्ण बनाना सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शासन की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर साकार करते हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे दिव्यांग विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए जाने को उन्होंने दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि शिक्षा और तकनीकी संसाधन युवाओं को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर करते हैं।

Next Post

नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन व मछली पकडऩे पर रोक

Fri May 15 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने अपने एक अहम आदेश से नर्मदा नदी के अवैध रेत उत्खनन और अवैध मछली पकडऩे पर रोक लगा दी है। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले में मछुआरा कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग, कलेक्टर, एसपी ईओडब्ल्यू, जिला माइनिंग अधिकारी व […]

You May Like