कटारा हिल्स सुसाइड केस: पूर्व जिला न्यायाधीश और वकील बेटे के खिलाफ मायके पक्ष के हंगामे के बाद हत्या और दहेज का केस दर्ज

भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में विवाहिता ट्विशा शर्मा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनकी सास, सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना एवं हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने 12 मई की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि मृतका के हाथ और कान पर चोट के निशान मिले हैं।

एसीपी रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। ट्विशा मूल रूप से उत्तरप्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व समर्थ सिंह से हुई थी। मृतका का भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर पद पर पदस्थ है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभ में उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की। इसी के विरोध में परिजन और रिश्तेदार बुधवार रात कटारा हिल्स थाने तथा गुरुवार को महिला थाने पहुंचे और प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं और उनकी मां सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश हैं, जिसके कारण पुलिस कार्रवाई में देरी हुई। परिजनों ने कहा कि प्रकरण दर्ज होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद आज अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।

Next Post

बिना नोटिस ढहाया विधवा का पीएम आवास, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

Fri May 15 , 2026
बैतूल। बैतूल जिले में एक विधवा महिला ने नायब तहसीलदार पर बिना नोटिस दिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने उसके मकान को जेसीबी से तुड़वाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है। भगत सिंह वार्ड निवासी उषा बाई मोरे ने […]

You May Like