नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने नारायणा औद्योगिक क्षेत्र में ब्रांडेड कपड़ों की नकल करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है और चार स्थानों पर एक साथ की गई छापेमारी में 3,400 से अधिक नकली ब्रांडेड जींस के साथ हजारों फर्जी लेबल, टैग और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दरड़े शरद भास्कर ने बताया कि प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के नकली कपड़े बनाने और उनके भंडारण के बारे में सूचना मिलने के बाद पश्चिमी जिले की जिला जांच इकाई (डीआईयू) की टीम ने नारायणा औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि इस छापेमारी में लीवाइज़, ज़ारा, केल्विन क्लाइन और टॉमी हिलफिगर सहित अन्य ब्रांडों की नकली जींस बरामद की गई। इसके अलावा नकली कपड़े बनाने में इस्तेमाल होने वाली सात औद्योगिक सिलाई मशीनें भी जब्त की गईं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की पहचान विपिन सरदाना, ऋषभ गर्ग, नीरज भाम्बरी और रवि प्रकाश के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से जुड़े परिसरों से सैकड़ों नकली जींस, फर्जी लेबल और नकली पैकेजिंग सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, सबसे बड़ी बरामदगी नारायणा फेज-1 स्थित एक फैक्ट्री से हुई, जो आरोपी विपिन सरदाना से जुड़ी है, जहां से कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों की नकली जींस के साथ-साथ सिलाई मशीनें और फर्जी टैग जब्त किए गए। इसके अलावा ऋषभ गर्ग, नीरज भाम्बरी और रवि प्रकाश से जुड़ी इकाइयों से भी अतिरिक्त बरामदगी की गई। दिल्ली पुलिस ने कहा कि नकली कपड़ों के इस नेटवर्क से जुड़े निर्माताओं, वितरकों और अन्य लोगों सहित पूरी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

