नयी दिल्ली, 14 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में दिल्ली की सड़कों पर चलती बस के अंदर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म ने एक बार फिर निर्भया कांड की यादें ताजा कर दी।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक्स पर कहा कि दिल्ली में एक बार फिर चलती बस में दुष्कर्म हुआ। हमने निर्भया से कुछ नहीं सीखा। यह हादसा पूरे समाज के लिए कलंक है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि दिल्ली में निर्भया कांड दोहराया गया है। 30 साल की एक महिला को रात में बस में समय पूछने के बहाने अगवा कर लिया गया और इसके बाद चलती बस में करीब दो घंटे तक कई लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यह बस दिल्ली के रानी बाग इलाके में सात किमी तक घूमती रही। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसके मुखिया उपराज्यपाल चाहते हैं कि दिल्लीवासी उनकी रील देखें, जिनमें वे छोले- भटूरे और जलेबी खा रहे हैं।
श्री भारद्वाज ने कहा कि चलती बस में ड्राइवर और कंडक्टर ने महिला का सामूहिक दुष्कर्म किया। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने मीडिया को देर से क्यों दी। इसके पीछे क्या कारण था? क्या पुलिस दुष्कर्म की घटना को दबाना चाहती थी? क्या पुलिस पीड़िता पर दबाव बनाना चाहती थी, मामले को दबाने की कोशिश कर रही थी या फिर आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मीडिया को बताना चाहती थी कि ऐसा हुआ था, मगर पुलिस ने उसे पकड़ लिया है।
उन्होंने कहा कि पूरी सरकार रील्स पर चलती है। हमारी आपत्ति रील्स बनाने पर नहीं है, बल्कि उन्हें अपने हिसाब से एडिट और पेश करने पर है। दिल्लीवाले सरकार के ऑडियंस नहीं हैं लेकिन आज भाजपा ने दिल्ली के नागरिकों और मतदाताओं को महज़ एक ऑडियंस बना दिया है।
आप नेता ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त से पूछा कि यह कैसी कानून व्यवस्था है कि शहर में दो घंटे तक एक बस चलती रही और रानी बाग कोई दूर-दराज का इलाका नहीं है, यह बिल्कुल सेंट्रल दिल्ली है। उसमें बस घूमती रही, एक महिला के साथ दो घंटे तक दुष्कर्म होता रहा और फिर उस महिला को सड़क पर फेंक दिया गया। इसके बाद भी इस खबर को दो दिन तक छिपाया गया। हम पुलिस आयुक्त से जानना चाहते हैं कि इस खबर को क्यों छिपाया गया और आगे ऐसी घटना न हो, इसके लिए वे क्या कर रहे हैं?
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पंजाब के ‘आप’ प्रभारी मनीष सिसोदिया ने एक्स पर कहा कि दिल्ली में एक और निर्भया कांड! चलती बस में फिर से गैंगरेप। दिल्ली में भाजपा के सारे इंजन ठप हो चुके हैं। स्कूल में बच्चियाँ सुरक्षित नहीं, बसों में भी सुरक्षित नहीं हैं।
आप की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली में निर्भया जैसा खौफनाक मंजर दोबारा दिखना बेहद दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि रानी बाग में चलती बस में दो घंटे तक दरिंदगी होती रही, लेकिन भाजपा सरकार की प्राथमिकता जवाबदेही के बजाय सिर्फ रील्स और ब्रांडिंग तक सीमित रह गई है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का डर ही नहीं बचा। दिल्ली की बहन-बेटियां कब तक भाजपा के इस कुशासन के खौफ में जिएंगी?
