अजमेर में नेपाल के दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ की चरस बरामद

जयपुर, 12 मई (वार्ता) राजस्थान आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई को अंजाम देते हुए नेपाल के दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की चरस बरामद की है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस, एजीटीएफ और एएनटीएफ) दिनेश एम.एन. के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गयी, जिसमें नशे की खेप लेकर पुष्कर में आपूर्ति करने आने की सूचना पर सोशल मीडिया शाखा प्रभारी निशा चॉवरिया और अजमेर एटीएस के एएसआई मोहम्मद रफीक की टीम ने संदिग्धों पर तकनीकी निगरानी रखी और रातभर उनका पीछा किया। तस्करों की लोकेशन ट्रैक करते हुए एटीएस ने अजमेर जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जैसे ही तस्कर डिलीवरी देने के लिए घूघरा घाटी में एमडीएस यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

पकड़े गये तस्करों की पहचान खेमकुमार (40) निवासी मंगलापुर जिला रूपनदेही, नेपाल और अजय राना (32) निवासी जिला पाल्पा, नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह माल नेपाल से लेकर आये थे। उन्होंने पहले दिल्ली में एक खेप डिलीवर की और फिर बाकी माल पुष्कर में आपूर्ति करने आये थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में भी महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों में चरस की आपूर्ति कर चुके हैं।

आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

Next Post

सनराइजर्स हैदराबाद ने गुजरात टाइटंस को 168 पर रोका

Tue May 12 , 2026
अहमदाबाद, 12 मई (वार्ता) सनराइजर्स हैदराबाद ने सटीक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को आईपीएल मुकाबले में मंगलवार को पांच विकेट पर 168 रन पर रोक दिया। गुजरात के लिए ओपनर साई सुदर्शन ने 61 और मध्य क्रम के बल्लेबाज वाशिंगटन सुंदर ने 50 रन बनाये। सुदर्शन ने […]

You May Like