मुंबई | बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस इंडिया सेलिना जेटली की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने उनके पति पीटर हाग के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज इस FIR में मारपीट, धमकी देने और मानसिक उत्पीड़न जैसे आरोप लगाए गए हैं। जांच में सहयोग न करने के कारण पुलिस ने पीटर हाग के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी कर दिया है, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सकें। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक जांच तेज कर दी है।
सेलिना जेटली ने अपनी याचिका में पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेत्री के अनुसार, जब वह अपने माता-पिता के निधन और नवजात बच्चे को खोने के बाद गहरे अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थीं, तब पीटर ने उन पर मुंबई स्थित घर उनके नाम करने का दबाव बनाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पति ने उन्हें काम करने से रोका और उन्हें आर्थिक रूप से पूरी तरह कमजोर कर दिया। सेलिना के मुताबिक, उन्हें ऑस्ट्रिया का घर छोड़कर भारत आने पर मजबूर किया गया और अब उन्हें उनके बच्चों से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है।
काफी समय से बड़े पर्दे से दूर चल रही सेलिना जेटली इन दिनों भारी भावनात्मक संकट से गुजर रही हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक हृदयविदारक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह अपने दिवंगत बेटे की कब्र पर बैठकर रोती नजर आ रही थीं। इस वीडियो ने उनके प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया है। सेलिना ने पिछले साल नवंबर में अंधेरी कोर्ट में घरेलू हिंसा का मामला भी दायर किया था। फिलहाल पुलिस पीटर हाग की तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

