जबलपुर: शहर के अब्दुल हमीद वार्ड अधारताल में नागरिक सुविधाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती दिखाई दे रही है। लोगो ने बताया कि वार्ड में ना तो साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है और ना ही पानी व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का सही संचालन हो पा रहा है। गार्डनों की हालत खराब होने से लेकर पानी की कम सप्लाई और दिन में कभी-कभी जलती स्ट्रीट लाइटों तक, कई समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।
उद्यानों के हाल बेहाल
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड के कई गार्डनों में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हुई है। जगह-जगह सूखे पत्ते, कचरा और झाड़ियां जमा होने लगी हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई पेड़ों की कटाई भी की गई, लेकिन नए पौधे लगाने या हरियाली बनाए रखने पर ध्यान नहीं दिया गया। इससे क्षेत्र का वातावरण खराब हो रहा है। वहीं नर्मदा लाइन से होने वाली पानी सप्लाई को लेकर भी लोगों में असंतोष है। रहवासियों ने बताया है कि पानी की टंकी पूरी क्षमता से नहीं भरी जाती, जिसके कारण सप्लाई का प्रेशर बेहद कम रहता है। कई घरों में नलों से सिर्फ नाममात्र का पानी पहुंच पा रहा है। गर्मी के मौसम में यह समस्या लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही है।
