जबलपुर: नगर के मध्य में स्थित उच्च न्यायालय से घमापुर और कलेक्ट्रेट मार्ग से होते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाना आसान नहीं रह गया है। इसके पीछे का कारण है उच्च न्यायालय क्षेत्र के बाहर मौजूदा पार्किंग व्यवस्था। न्यायालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद सड़कों पर खड़े वाहनों ने यातायात की चाल को प्रभावित कर दिया है। सड़क के एक तरफ लंबी कतार में खड़े दो और चार पहिया वाहन खड़े रहते है जो दर्शाने के लिए काफ़ी है कि पार्किंग नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। बता दे कि यह क्षेत्र उच्च न्यायालय और कई कार्यालयों के कारण दिनभर व्यस्त रहता है। ऐसे में सड़क किनारे की गई पार्किंग से मार्ग संकरा हो जाता है और वाहन चालकों को निकलने में कठिनाई होती है। खासकर दोपहर के समय पीक आवर्स में यहां जाम लग जाता हैं, जिससे लोगों को काफी समय तक फंसना पड़ता है।
ट्रैफिक सिस्टम की कमजोरी
आसपास के लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर जाम जैसे हालात बन जाते हैं। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण बड़े वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है, वहीं दोपहिया वाहनों को भी गुजरने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। उच्च न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस तरह की अव्यवस्था न सिर्फ ट्रैफिक सिस्टम की कमजोरी को दर्शाती है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि जब सुविधाएं मौजूद हैं, तो उनका सही उपयोग क्यों नहीं हो रहा।
इनका कहना है
अभी न्यायालय परिसर में कंस्ट्रक्शन का कार्य चल रहा है और वाहनों की संख्या ज्यादा होने की वजह से ये अव्यवस्था होती है। हमने अपना स्टाफ यहाँ लगाया हुआ है जो बीच में खड़ी गाड़ियों को स्टैंड में लगवाते हैं। कंस्ट्रक्शन का कार्य पूर्ण होते ही पार्किंग व्यवस्था फिर ठीक हो जाएगी।
शशि धुर्वे, थाना प्रभारी, यातायात
