ग्वालियर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दतिया में प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा की और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। पश्चिम बंगाल की राजनीति और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा इस्तीफा न देने के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया पर इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संवैधानिक बाध्यताओं के अनुसार, पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पर ममता बनर्जी के इस्तीफे न देने के फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा। पाठक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जीत भाजपा के लिए आवश्यक थी क्योंकि कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी ने राज्य को विकास में पीछे छोड़ दिया था। उन्होंने मोदी-शाह की मेहनत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मेहनत का परिणाम है और अब वहां विकास की नई दिशा तय होगी।
