मुंबई, 07 मई (वार्ता) विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच दिग्गज कंपनियों में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव देखा गया। बीएसई का सेंसेक्स 380.72 अंक की बढ़त में 78,339.24 अंक पर खुला, लेकिन कुछ ही देर में लाल निशान में चला गया। एक समय 77,798 अंक तक टूट गया था। बाद में फिर वापसी करते हुए खबर लिखे जाते समय यह 72.90 अंक (0.09 प्रतिशत) ऊपर 78,031.42 अंक पर रहा दूसरे एशियाई बाजारों में जारी तेजी का असर भी घरेलू बाजार पर दिखा है। जापान का निक्केई फिलहाल पांच प्रतिशत चढ़ चुका है। अन्य प्रमुख एशियाई बाजार भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 67.55 अंक ऊपर 24,398.50 अंक पर खुला। कुछ देर के लिए यह भी लाल निशान में था। खबर लिखे जाते समय यह 28.25 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,359.20 अंक पर रहा। वृहत बाजार में अच्छी लिवाली चल रही है जबकि कुछ दिग्गज कंपनियों में बिकवाली हो रही है। ऑटो और धातु सेक्टरों के सूचकांक ज्यादा मजबूत हैं। एफएमसीजी, रियलटी समूहों के साथ बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस सेक्टरों के सूचकांक भी नीचे हैं सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर फिलहाल दो प्रतिशत की बढ़त में है। इटरनल में भी करीब सवा फीसदी की तेजी रही टाटा स्टील,अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट और एक्सिस बैंक के शेयर ऊपर बने हुए हैं। टीसीएस का शेयर एक प्रतिशत से अधिक टूट चुका है। अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और पावरग्रिड में भी गिरावट है।

