भिटोनी स्टेशन के साइडिंग लूप लाइन में टैंकर वैगन में लगी आग

जबलपुर: जबलपुर रेलवे स्टेशन में बुधवार 6 मई की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब रेल प्रशासन ने एक के बाद एक खतरे के 5 सायरन बजा डाले। सायरन की आवाज सुनते ही रेल कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों में भी किसी रेल हादसे की खबर से चिंता की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि शाम को ठीक 4:56 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन पर सायरन बजना शुरू हुआ जो रुक-रुक कर लगातार 5 बार बजता रहा। सायरन की आवाज सुनकर लोगों में अफरा तफ़री मच गई। वहीं एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) तैयार की जाती रही। इस राहत गाड़ी में जिन-जिन कर्मचारी, अधिकारियों की ड्यूटी होती है, वे दौड़ते-भागते नजर आये। जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या PLBG के एक टैंकर वैगन (CR 61723) में भिटोनी स्टेशन के साइडिंग लूप लाइन में आग लगने की सूचना 4:56 बजे प्राप्त हुई। आग पर नियंत्रण हेतु त्वरित कार्रवाई करते हुए 5:20 बजे आग बुझा दी गई तथा 5:25 बजे प्रभावित वैगन को सुरक्षित रूप से अलग (डिटैच) कर लिया गया। इसके पश्चात 5:45 बजे इस पूरे घटनाक्रम को मॉक ड्रिल घोषित कर दिया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
ज्ञात हो कि रेलवे प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जाती है, जिससे आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके बुधवार को आयोजित इस मॉक ड्रिल में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्कृष्ट समन्वय एवं तत्परता का परिचय देते हुए इसे सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस मॉक ड्रिल में रेलवे के विभिन्न विभागों के साथ-साथ स्थानीय गैस प्लांट एवं नगर निगम भिटोनी का भी सक्रिय सहयोग रहा। आग बुझाने हेतु फायर ब्रिगेड को तुरंत मौके पर भेजा गया, जहां उच्च दबाव से पानी का छिड़काव कर आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
मॉक ड्रिल के दौरान भिटोनी थाना प्रभारी अपने बल के साथ मौके पर उपस्थित रहे। साथ ही आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संभाला। स्टेशन स्टाफ द्वारा अग्निशमन यंत्रों के साथ तत्परता से कार्य किया गया इस दौरान मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष में पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की निगरानी की तथा समन्वय स्थापित किया

Next Post

कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में नए मेहमानों की दस्तक

Thu May 7 , 2026
इंदौर:कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में नए वन्य मेहमानों के आगमन से शहर में उत्साह का माहौल है. एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत चिड़ियाघर को 7 नए जीव मिले हैं, जिनमें 2 शुतुरमुर्ग, 1 हिप्पोपोटामस और 4 एनाकोंडा शामिल हैं.चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के अनुसार, इंदौर से एक शेर दिया […]

You May Like