
जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत रिंग रोड परियोजना में काम कर रहे एक 20 वर्षीय श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक अपने कमरे में भोजन कर रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रीवा जिले के ग्राम सथनी निवासी सूरज सिंह राजपूत (20) डुमना एयरपोर्ट कैंपस के पास स्थित अमझर कैंप में रहकर रिंग रोड निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। उसके रूममेट विकास कुमार गुर्जर ने पुलिस को बताया कि बीती रात सूरज अपने कमरे में खाना खा रहा था। तभी कैंप के एक अन्य लड़के ने सूचना दी कि सूरज की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह बिस्तर पर उल्टी कर रहा है। जब साथी कर्मचारी कमरे में पहुंचे तो सूरज बेसुध हालत में था और उसे सांस लेने में भारी कठिनाई हो रही थी। उसके पास ही खाने की थाली रखी हुई थी। सहकर्मियों ने आनन-फानन में सूरज को गाड़ी से पहले रांझी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में विक्टोरिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, विक्टोरिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मौत की वजह फूड पॉइजनिंग, कार्डियक अरेस्ट या कोई अन्य कारण है। कैंप में साथ रहने वाले अन्य श्रमिकों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा उसके बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
