
खंडवा। शहर के घनी आबादी वाले इमलीपुरा क्षेत्र में संचालित स्लॉटर हाउस को हटाने की मांग अब शासन के उच्च स्तर तक पहुँच गई है। स्थानीय नागरिकों के बढ़ते आक्रोश और जनहित को देखते हुए खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और क्षेत्रीय विधायक कंचन मुकेश तनवे ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को औपचारिक पत्र सौंपकर इसे तत्काल शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री के हालिया बुरहानपुर प्रवास के दौरान जनप्रतिनिधियों ने उनसे भेंट की और वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान स्थान पर वधशाला के संचालन से क्षेत्र में कई गंभीर संकट उत्पन्न हो रहे हैं।
विधायक कंचन तनवे द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि पशु अवशेषों के अनुचित निपटान और उससे फैलने वाली दुर्गंध के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। साथ ही स्लॉटर हाउस से निकलने वाले दूषित पानी और गंदगी से स्थानीय भूजल स्तर और वायुमंडल प्रदूषित हो रहा है। रिहायशी क्षेत्र और विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों के पास इस तरह की गतिविधियों के संचालन से बच्चों और आम नागरिकों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त संकरी गलियों में पशुओं को लाने-ले जाने वाले वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है जिससे स्थानीय यातायात पूरी तरह बाधित होता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों इमलीपुरा स्थित स्लॉटर हाउस पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद से यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पूर्व में भी स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में सूचित किया गया था लेकिन अब तक कोई ठोस स्थाई समाधान नहीं निकल सका है। विधायक ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से विनम्र आग्रह किया है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संबंधित अधिकारियों को इस वधशाला को तत्काल प्रभाव से शहर की सीमा से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट करने हेतु निर्देशित करें।
