
सिंगरौली। एनसीएल परियोजना निगाही के घोरौलीकला बैगा बस्ती निवासी अन्नेलाल बैगा के साथ हुई बर्बर मारपीट का मामला इन दिनों तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है।
इसी क्रम में म.प्र. राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेले आज एक दिवसीय दौरे पर सिंगरौली पहुंचे। देर शाम वे सीधे पीड़ि़त अन्नेलाल बैगा के घर पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ि़त और उसकी पत्नी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। बताया जा रहा है कि चार दिन पूर्व अन्नेलाल बैगा के साथ सुरक्षा कंपनी बजरंग सिक्योरिटी के संचालक एमडी सिंह एवं सुरक्षा कर्मी प्रदीप पटेल मधुकान कंपनी द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया और जिले की राजनीति भी गर्मा गई। निरीक्षण के दौरान पीड़ि़त द्वारा मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायत किए जाने पर आयोग अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद अपर कलेक्टर को निर्देशित किया कि बस्ती में पानी, बिजली और सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में निवासरत सभी आदिवासी परिवारों को चिन्हित कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं खण्डस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
साहब मुझे योजनाओं का लाभ नही मिला है
इस दौरान पीड़ि़त अन्नैलाल बैगा ने अध्यक्ष से कहा कि हमें सरकार द्वारा मिलने वाली योजनाओं का किसी भी तरह से कोई लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है, इसके अलावा हमारे घर में बिजली, पानी, शौचालय सहित सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। जिस पर तत्काल रूप से आयोग के अध्यक्ष ने अपर कलेक्टर को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द परिवार को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाए, इसके अलावा सरकार की योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाना सुनिश्चित करें। जिस पर वहां मौजूद अधिकारियों ने अध्यक्ष को बताया कि पीड़ि़त व्यक्ति का अब तक आधार कार्ड नहीं बना है, जिस पर अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि तत्काल रूप से पीड़ित व्यक्ति का आधार कार्ड बनवाकर सरकार द्वारा मिलने वाली योजनाओं का लाभ दिलाया जाए ।
नौकरी के नाम पर ढाई लाख रूपये लेने का आरोप
इसके अलावा वहीं पर रहने वाले एक महिला ने आयोग के अध्यक्ष से इस बात की शिकायत की कि नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति के द्वारा उससे ढाई लाख रुपए ले लिए गए और कुछ दिन काम भी कराया गया, लेकिन इसके बाद निकाल दिया गया और न तो अब तक हमारे ढाई लाख रुपए वापस किए जा रहे और न ही हमने जो मजदूरी की थी उसकी मजदूरी मिली है, जिस पर आयोग के अध्यक्ष ने तत्काल रूप से मौके पर मौजूद सीएसपी को निर्देशित किया है कि पीड़ि़त परिवार से आवेदन पत्र लेकर नौकरी के नाम पर लिए गए पैसे वापस दिलाए जाने के साथ उनकी मजदूरी का भी भुगतान कराया जाए। साथी ही ऐसे व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार से जाना कुशल क्षेम
मीडिया से बात करते हुए अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि 2 दिन पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से हमें यह जानकारी मिली थी कि सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र में रहने वाले अन्नेलाल बैगा के द्वारा एनसीएल में सिक्योरिटी चला रहे एक व्यक्ति के द्वारा हॉकी से बुरी तरह से मारपीट की गई है। जिसको लेकर आज हमने सिंगरौली का दौरा किया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात की है मूलभूत सुविधाओं सहित सरकार की जिन योजनाओं का लाभ पीड़ित परिवार को नहीं मिला है, उसके लिए हमने अपर कलेक्टर को निर्देशित किया है की तत्काल रूप से मूलभूत सुविधाओं के साथ शासन स्तर से मिलने वाली योजनाओं का लाभ भी पीड़ि़त परिवार को दिलाया जाना सुनिश्चित करें।
