नयी दिल्ली, 04 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता (भाजपा) की जीत को चिरस्मरणीय बताते हुए राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया है और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
श्री मोदी ने सोमवार को मतगणना में असम और पुड्डुचेरी विधानसभा के चुनाव में भाजपा – राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का श्रेय भाजपा के सुशासन और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया तथा इन राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने केरल और तमिलनाडु के लोगों को उनके मुद्दों पर कार्य करने का भरोसा दिया है और चुनाव में अथक मेहनत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी का समर्थन करने वाले मतदाताओं का आभार जताया है।
प्रधानमंत्री ने केरल में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके, और केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे ( यूडीएफ) को जीत पर बधाई दी है।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट में विधानसभा चुनाव पर टिप्पणी करते हुए पश्चिम बंगाल के बारे में लिखा,” पश्चिम बंगाल में कमल खिल उठा!”
प्रधानमंत्री ने कहा,” पश्चिम बंगाल विधानसभा के 2026 के चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूँ।”
उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल कीजनता ने भाजपा को शानदार जनादेश दिया है । जनादेश पर खरा उतरने का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा,” मैं उन्हें (पश्चिम बंगाल की जनता को) आश्वस्त करता हूँ कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम ऐसी सरकार प्रदान करेंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे।”
प्रधानमंत्री ने कहा “पश्चिम बंगाल में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रयासों और संघर्षों के बिना संभव नहीं होती। मैं उन सभी को सलाम करता हूँ। वर्षों से उन्होंने जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की कठिनाइयों का सामना किया है और हमारे विकास एजेंडे के बारे में बात की है। वे हमारी पार्टी की ताकत हैं।”
श्री मोदी ने असम में भाजपा गठबंधन जीत का श्रेय असम की जनता के बीच अथक परिश्रम करने वाले सभी भाजपा-राजग कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा, “पिछले एक दशक में हमारी पार्टी और गठबंधन की प्रगति सराहनीय है। उनके प्रयासों से ही हमारा सकारात्मक एजेंडा जनता के दिलों में जगह बना पाया है।”
उन्होंने पुड्डुचेरी में गठबंधन की सफलता पर टिप्पणी करते हुए लिखा,”मुझे पुड्डुचेरी के राजग कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर असाधारण प्रयास किए हैं। वे लगातार जनता के बीच रहे हैं और हमारे दृष्टिकोण और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया है। इसी वजह से जनता ने हमें एक बार फिर आशीर्वाद दिया है।”
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में राजग का समर्थन करने वाले तमिलनाडु के मतदाताओं के प्रति हार्दिक आभार जताते हुए कहा,” हम जनता की समस्याओं के समाधान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में हमेशा अग्रणी बने रहेंगे।” उन्होंने अभिनेता विजय की पार्टी-टीवीके को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई भी दी है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार तमिलनाडु की प्रगति और जनता के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
श्री मोदी ने केरल में भाजपा-राजग को वोट देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है,” हम केरल की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते रहेंगे और विकासशील केरल के सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।”
श्री मोदी ने केरल में जीत के लिए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को भी बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार केरल के लोगों की विकास संबंधी आकांक्षाओं का हमेशा समर्थन करती रहेगी।
