नाटो के भीतर अमेरिका ही है जर्मनी का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार : मर्ज़

बर्लिन, 04 मई (वार्ता/स्पूतनिक) जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने कहा है कि ईरान मुद्दे पर मतभेदों के बावजूद अमेरिका नाटो संगठन में जर्मनी का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार बना हुआ है। श्री मर्ज़ ने एआरडी प्रसारक को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मुझे स्वीकार करना होगा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की इन मुद्दों पर हमसे अलग राय है, लेकिन इससे यह तथ्य नहीं बदलता कि अमेरिका हमारे लिए महत्वपूर्ण साझेदार है, नाटो में सबसे महत्वपूर्ण, और यूरोप तथा अमेरिका के साथ मिलकर आगे बढ़ने में हमारी साझा रुचि है।”

उन्होंने ईरान को लेकर अमेरिकी रणनीति की आलोचना भी दोहराई। श्री मर्ज़ ने कहा, “मैंने उनसे (श्री ट्रंप से) कहा कि यदि आप चाहते हैं कि हम ऐसे किसी संघर्ष में आपकी मदद करें, तो पहले हमें सूचित करें और हमारी राय लें।” हाल के दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी जर्मन चांसलर की आलोचना की है। श्री मर्ज़ ने 27 अप्रैल को कहा था कि पश्चिमी देशों ने ईरान को कम आंका है और अमेरिका पश्चिम एशिया में लंबे संघर्ष में फंस सकता है। इसके बाद श्री ट्रंप ने श्री मर्ज़ को अयोग्य बताते हुए जर्मनी में तैनात अमेरिकी सैन्य बलों में कटौती पर विचार करने की बात कही थी। इस बीच, पेंटागन ने पुष्टि की थी कि विभाग ने छह से 12 महीने के भीतर जर्मनी से 5,000 अमेरिकी सैनिकों की वापसी का निर्णय लिया है।

Next Post

लंबे समय से दोपहर के समय संचालित होने वाली बेंगलुरु ग्वालियर फ्लाइट का समय बदला

Mon May 4 , 2026
ग्वालियर: हवाई यात्रियों के लिए मई का महीना बडी राहत और बदलाव लेकर आया है। ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल से हवाई सेवाओं के समय में बडा फेरबदल किया गया है। अब बेंगलुरू की फ्लाइट अपने बदले हुए समय पर आएगी। लंबे समय से दोपहर के समय संचालित […]

You May Like