इंदौर: द्वारकापुरी क्षेत्र में पहली मंजिल की छत से गिरने से ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई. हादसा खेलते खेलते रेलिंग के पास पहुंचने के दौरान हुआ. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.घटना श्रीराम नगर की है. मृत बच्ची मुस्कान पिता नरेन्द्र दशोरे की इकलौती संतान थी. वह अपने माता पिता के साथ पीथमपुर में रहती थी और शुक्रवार रात दादा-दादी से मिलने इंदौर आई थी. शनिवार को परिवार के सदस्य अपने अपने काम में व्यस्त थे. मां घर के काम में लगी थी, जबकि पिता मोबाइल देख रहे थे.
इसी दौरान मुस्कान खेलते खेलते छत की रेलिंग तक पहुंच गई. रेलिंग से नीचे झांकते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से नीचे गिर गई. घटना के बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए दो अलग अलग अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण शनिवार रात उसकी मौत हो गई. पिता नरेन्द्र दो दिन की छुट्टी लेकर अपने माता पिता से मिलने इंदौर आए थे. परिवार में माता पिता और एक छोटा भाई है. द्वारकापुरी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
