
रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सडक़ किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना डाबर-बाजना मार्ग पर ग्राम डाबर से करीब एक किलोमीटर दूर तेलनी नदी के पास की है, जहां शनिवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक की पहचान तेजा डोडियार पिता नाकू डोडियार, निवासी ग्राम डाबर के रूप में हुई है। शव के पास ही उसकी बाइक भी गिरी हुई मिली, जबकि घटनास्थल पर चांदी की चेन (सांकली) के टूटे हुए टुकड़े भी पाए गए हैं। मामले को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस अभी इसे संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह राहगीरों ने सडक़ से नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और उसकी पहचान की। परिजनों की सूचना पर बाजना थाना प्रभारी मनीष डाबर, एसआई केसर सिंह यादव सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। साथ ही रतलाम से एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस व एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर, कान और आसपास के हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि यह चोटें सडक़ हादसे में लगी हैं या किसी हमले का परिणाम हैं, इसका स्पष्ट निष्कर्ष अभी नहीं निकल पाया है। जांच के बाद शव को दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एक दिन पहले अनाज पिसाने गया था युवक
मृतक के परिजनों ने बताया कि तेजा डोडियार 17 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे घर से अनाज पिसाने के लिए बाइक से निकला था। वह करीब पांच किलोमीटर दूर बाजना गया था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार तेजा की पत्नी ने अपनी बहन सुगनाबाई निवासी ग्राम हेवड़ा को चांदी के जेवर—हसली और कंदोरा—दे रखे थे। बाजना में सुगनाबाई के पुत्र शांतिलाल ने ये जेवर तेजा को सौंपे थे, जिन्हें लेकर वह वापस लौट रहा था। परिजनों का आरोप है कि तेजा के पास मौजूद जेवर और उसका मोबाइल फोन मौके से गायब हैं, जबकि केवल चांदी की सांकली के टूटे टुकड़े ही वहां मिले हैं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि लूट के उद्देश्य से उसकी हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि तेजा की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए इस घटना ने उन्हें और अधिक संदेह में डाल दिया है।
