मुंबई, 17 अप्रैल (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया शुक्रवार को 23.75 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 92.91 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 19 पैसे मजबूत होकार 93.1475 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये में आज शुरू से ही जबरदस्त तेजी रही। यह 21 पैसे चढ़कर 92.9375 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। दिन के दौरान इसमें काफी उतार-चढ़ाव रहा।
दोपहर से पहले यह 92.98 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था। हालांकि बाद में रुपये में तेजी लौट आयी और यह 92.65 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गयी और यह 89 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया। इससे रुपये को समर्थन मिला।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में करीब आधा फीसदी की नरमी से भी भारतीय मुद्रा मजबूत हुई है।
