
अशोकनगर। जिले में नई खुली शराब दुकानों का लगातार विरोध जारी है। इसी के चलते मुंगावली, चंदेरी के बाद अब अशोकनगर में भी शराब दुकान विरोध किया गया हैं। जिसके चलते खालसा कॉलोनी की महिलाएं शराब की दुकान हटवाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। जहां उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर को एक ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने बताया कि उनके मोहल्ले में हाल ही में एक शराब की दुकान खोली गई है, जो स्कूल और अस्पताल के पास स्थित है।
महिलाओं ने शिकायत कि शराबी उनके घरों के बाहर बैठकर शराब पीते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। वे गाली-गलौज करते हैं और रास्ते में शराब की बोतलें फेंक देते हैं। इस कारण उन्हें और उनके बच्चों को घर से बाहर निकलने में डर लगता है, क्योंकि उन्हें किसी अप्रिय घटना का भय रहता है।
ज्ञापन में बताया गया कि यह शराब की दुकान अत्यधिक घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में खोली गई है। इसके निकट ही अशोका हॉस्पिटल है, जहाँ महिलाओं की डिलीवरी होती है, जिससे महिलाओं और महिला स्टाफ का आना-जाना लगा रहता है। दुकान से थोड़ी ही दूरी पर स्कूल भी है, जो नियमानुसार 100 मीटर के दायरे में नहीं होना चाहिए। इससे स्कूल में छोटे बच्चों और महिला स्टाफ के लिए गलत और भय का माहौल बन रहा है।
महिलाओं ने यह भी बताया कि शराब की दुकान के ठीक सामने एक पेट्रोल पंप है, जहाँ भारी वाहनों का आवागमन होता रहता है, जिससे किसी अप्रिय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसके अतिरिक्त, शराबी आसपास के खाली प्लाटों में शराब पीकर पेशाब करते हैं, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है।
महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से मांग कि है कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सामाजिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए इस शराब की दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
