धरमपुरा-पिपरा में ग्रामीणों ने खुद पकड़ी अवैध शराब

छतरपुर। छतरपुर जिले के भगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुरा-पिपरा में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार से तंग आकर ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार देर शाम ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए अवैध शराब की खेप पकड़ी और पुलिस के सुपुर्द की। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

महिलाओं ने दिखाई सक्रियता, शराबबंदी की उठी मांग

इस पूरी कार्रवाई में गांव की महिलाओं ने अग्रणी भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल रोकी, जिस पर 135 क्वार्टर अवैध शराब लदी हुई थी। ग्रामीणों के इस कड़े रुख को देख आरोपी अपनी बाइक और शराब छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर गांव में पूर्ण शराबबंदी की मांग का समर्थन किया और अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूचना मिलते ही भगवां थाना पुलिस मौके पर पहुँची और अवैध शराब व मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लिया। थाना प्रभारी सुरभि शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब कहाँ से लाई जा रही थी और इसके पीछे किसका हाथ है।

सामाजिक वातावरण हो रहा दूषित

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है, जिससे न केवल युवा पीढ़ी नशे की दलदल में फंस रही है, बल्कि गांव का सामाजिक वातावरण और शांति भी भंग हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि शराब के अवैध अड्डों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए ताकि गांव में अपराध और विवादों पर लगाम लग सके।

Next Post

एसपी ऑफिस में बेजुबान पक्षियों के लिए बांधे सकोरे

Fri Apr 17 , 2026
छतरपुर। भीषण गर्मी के बीच छतरपुर पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार दोपहर एसपी ऑफिस परिसर में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अगम जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के निर्देशन में चलाया […]

You May Like

मनोरंजन