जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत लम्हेटा बाईपास पर सोमवार रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक में फंसकर 50 मीटर तक घिसटी महिला की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। गुरूवार को मृतिका के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से हत्या कराई गई। आरोप है कि कोकिला रिजॉर्ट के मालिक द्वारा अपहरण कर साजिश रचते हुए ट्रक से हत्या कराई गई है। परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
विदित हो कि अनिल पचौरी निवासी खालसा टिंबर के सामने, गंगासागर गढ़ा का सोमवार को अपनी स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 4489 पर स्वरूपा झारिया 38 वर्ष को बैठाकर अपने फार्म हाउस चौकीताल जा रहा था रात लगभग 10 बजे जैसे ही वे लम्हेटा बाईपास चौराहे के पास पहुँचे तभी अंधमूक बाईपास की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर लगते ही दोनों सडक़ पर जा गिरे।
अनिल पचौरी को चोट आई थी। स्वरूपा झारिया सीधे ट्रक के पहियों के पास जा गिरीं थी। ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी थी जिससे स्वरूपा ट्रक के निचले हिस्से में फंसकर सडक़ पर घिसटती चली गईं थी और स्वरूपा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। मंगलवार को पीएम होने के बाद परिजनों ने शव को एम्बुलेंस में रखकर तिलवारा थाने पहुंचे थे और प्रदर्शन किया था। हत्या का आरोप लगाया था मृतक की बड़ी बेटी खुशी झारिया ने आरोप लगाया था कि कि सुनियोजित तरीके से मां की हत्या की गई है। गुरूवार को पीडि़त परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने कोकिला रिजॉर्ट के मालिक अनिल पचौरी पर अपहरण कर साजिशन ट्रक से हत्या कराने का आरोप लगाया। उनका कहना रहा कि अनिल पचौर ने अपनी पूर्व कर्मचारी स्व. श्रीमती स्वरूपा झारिया को जबरदस्ती घर से उठाकर ले गया था और लम्हेटा बाई पास पर एक ट्रक से साजिशन हत्या कराई है। मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने मामला दर्ज करने और अनिल पचौरी समेत ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान मथुरा प्रसाद झारिया, भीकम झारिया, संतोष झारिया, राजेंद्र मेहरा, हरि मेहरा, राधे झारिया, अजय झारिया सहित आदि उपस्थित थे।
