
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत लम्हेटा बाईपास पर सोमवार रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी सवारों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर पीछे बैठी महिला ट्रक के नीचे फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार दोपहर मामले में नया मोड उस वक्त आ गया जब मृतिका के परिजनों ने पीएम के बाद थाने का घेराव कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है, एक्सीडेंट नहीं हुआ है। आक्रोशित परिजनों ने जमकर प्रदर्शन किया और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। पुलिस ने परिजनों ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजन माने और प्रदर्शन समाप्त हुआ ।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार अनिल पचौरी निवासी खालसा टिंबर के सामने, गंगासागर गढ़ा अपनी स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 4489 पर स्वरूपा झारिया 38 वर्ष को बैठाकर अपने फार्म हाउस चौकीताल जा रहे थे। रात लगभग 10 बजे जैसे ही वे लम्हेटा बाईपास चौराहे के पास पहुँचे, अंधमूक बाईपास की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सडक़ पर जा गिरे। अनिल पचौरी को गंभीर चोटें आईं, लेकिन स्वरूपा झारिया सीधे ट्रक के पहियों के पास जा गिरीं। ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे स्वरूपा ट्रक के निचले हिस्से में फंसकर सडक़ पर घिसटती चली गईं। स्वरूपा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
पीएम के बाद एम्बुलेंस में शव लेकर पहुुंचे थाने
घटना की सूचना मिलते ही मृतिका के भाई दीपक झारिया और अन्य परिजन मौके पर पहुँचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उधर मंगलवार को पीएम होने के बाद परिजन दोपहर 1:15 बजे शव को एम्बुलेंस में रखकर तिलवारा थाने पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि हत्या को एक्सीडेंट में बदला गया है। करीब दो घंटे तक परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस के आश्वासन के बाद माने।
मां को धक्का दिया, दबाव का आरोप
मृतक की बड़ी बेटी खुशी झारिया ने आरोप लगाया है कि सुनियोजित तरीके से मां की हत्या की गई है । उसने कहा किअगर एक्सीडेंट हुआ तो सिर्फ मां की ही क्यों मौत हुई । स्कूटी चालक पचौरी को कुछ क्यों नहीं हुआ। चलती गाड़ी से मां को धक्का दिया गया है। मृतका स्वरुपा झारिया करीब तीन साल से अनिल पचौरी के यहां माली का काम करती थी। 6 महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था लेकिन उस पर लगातार काम दबाव बनाया जा रहा था। मजबूरी मेें स्वरूपा काम कर रही थी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि मामला एक्सीडेंट का है । परिजनों के आरोप है जिसके चलते हर एंगल पर जांच चल रही है । पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके इसके साथ ही आरोपों की जांच चल रही है अगर ऐसा कुछ पाया जाता है तो आगे की कार्रवाई होगी।
