वॉशिंगटन, 14 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो इज़रायल और लेबनान के बीच दुर्लभ प्रत्यक्ष वार्ता की मेजबानी करेंगे, जो तीन दशक से अधिक समय में दोनों देशों के बीच सबसे उच्चस्तरीय कूटनीतिक संपर्क होगा।वाशिंगटन डीसी में मंगलवार को होने वाली इस बैठक में इज़रायल के राजदूत येचियल लेइटर और लेबनान की राजदूत नादा हमादेह शामिल होंगी। अमेरिका की ओर से श्री रूबियो के अलावा राजदूत मिशेल इसा एवं गृह विभाग के अधिकारी माइकल नीदम मौजूद रहेंगे।
यह 1993 के बाद दोनों देशों के बीच सबसे महत्वपूर्ण प्रत्यक्ष संपर्क है। वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह और इज़रायली सेना के बीच संघर्ष जारी है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब दक्षिणी लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई चल रही है। बैठक में युद्धविराम की संभावना, हिज़्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण और दीर्घकालिक शांति समझौते पर चर्चा होने की उम्मीद है।
एक्सियोस की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पहले प्रत्यक्ष वार्ता के प्रस्तावों को खारिज किया था, लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद इस बैठक के लिए सहमति दी है। इस दौरान अमेरिकी प्रशासन के अलावा लेबनान की सरकार ने भी इजरायल से हवाई हमले रोकने का अनुरोध किया। इजरायल ने बेरूत में हवाई हमले कम किये, हालांकि दक्षिणी लेबनान में सैन्य अभियान जारी रहा। अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यह वार्ता तत्काल सुरक्षा चिंताओं का समाधान निकालने और दीर्घकालिक स्थिरता की दिशा में आधार तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण है।

