लिटिल अंडमान,(वार्ता) तमिलनाडु के सर्फर्स ने उद्घाटन लिटिल अंडमान प्रो 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला ओपन सर्फिंग वर्ग में क्रमशः सिवाराज बाबू और कमली मूर्ति के रूप में चैंपियन दिए। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय सर्फिंग और स्टैंड-अप पैडलिंग (एसयूपी) चैम्पियनशिप के अंतिम दिन सर्फिंग और एसयूपी की विभिन्न स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। चार दिन तक चले इस टूर्नामेंट में देश के शीर्ष खिलाड़ियों ने प्रतिष्ठित बटलर बे में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुरुष ओपन फाइनल में पूरी तरह तमिलनाडु के खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जहां सिवाराज बाबू ने 13.63 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने श्रीकांत डी (13.33) को पीछे छोड़ा, जिन्होंने रजत पदक हासिल किया। किशोर कुमार, जिन्होंने मालदीव में एशियन सर्फिंग चैंपियनशिप (अंडर-18) के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रचा था, 12.87 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि संजय सेल्वमणि चौथे स्थान पर रहे।
अपनी जीत के बाद सिवाराज बाबू ने कहा, “लिटिल अंडमान प्रो 2026 का खिताब जीतकर मुझे बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। सीजन की इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती थी और मैं इस लय को आगे भी जारी रखना चाहता हूं। मैं एसएफआई और अंडमान टूरिज्म का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इतने शानदार और व्यवस्थित तरीके से इस आयोजन को संपन्न कराया।”
महिला ओपन वर्ग में युवा प्रतिभा कमली मूर्ति ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिन का सर्वोच्च स्कोर (15.83) हासिल कर खिताब अपने नाम किया। गोवा की शुगर शांति बनारसे (11.64) ने रजत पदक जीता, जबकि रीवा अरोरा (7.84) तीसरे स्थान पर रहीं।
कमली मूर्ति ने कहा, “अंडमान के पानी में सर्फिंग करना हमारे लिए एक बिल्कुल नया अनुभव रहा, जिससे हमें काफी सीखने को मिला। यह अनुभव अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हमारे काम आएगा। मैं सभी पदक विजेताओं को बधाई देती हूं और अब आगामी एशियन गेम्स का इंतजार कर रही हूं।”
एसयूपी स्प्रिंट (पुरुष) के 200 मीटर फाइनल में दिनेश सेल्वमणि ने 1:09.20 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। मणिकंदन एम (1:10.00) और राजेश डी (1:21.50) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए। महिला स्प्रिंट फाइनल में विजयलक्ष्मी इरुलप्पन ने 1:40.35 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि आर्थी (1:48.03) और निशी (2:47.94) दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
दिनेश सेल्वमणि ने अपनी जीत के बाद कहा, “यहां जीत हासिल करना शानदार महसूस हो रहा है। अंडमान की परिस्थितियों में प्रतिस्पर्धा करना एक बेहतरीन अनुभव रहा और मैं इस प्रदर्शन को आगे भी जारी रखना चाहता हूं।”
विजयलक्ष्मी इरुलप्पन ने कहा, “यहां स्वर्ण पदक जीतना मेरे लिए बेहद खास है। परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन इस अनुभव से मुझे आगे बेहतर करने में मदद मिलेगी।”
सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के अध्यक्ष अरुण वासु ने कहा, “लिटिल अंडमान प्रो 2026 की सफलता भारतीय सर्फिंग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। अंडमान द्वीपसमूह में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप आयोजित करने से इस खेल के लिए नए अवसर खुले हैं और साथ ही इस क्षेत्र की वैश्विक सर्फिंग गंतव्य के रूप में अपार संभावनाओं को भी दर्शाया गया है। हम अंडमान टूरिज्म के आभारी हैं, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।”
