
रतलाम। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर शुक्रवार दोपहर करीब 2:35 बजे एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। चलती ट्रेन में चढऩे के प्रयास के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल के रवाना होते समय एक व्यक्ति जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान दाऊद अयाज बेग (40) निवासी जोगी नवादा, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा क्षेत्र में रहता था और कैटरिंग व इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करता था। वह दिल्ली से लौटकर मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ रहा था।
सूचना मिलते ही आरपीएफ के एसआई गवेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। स्टेशन मास्टर और प्लेटफार्म स्टाफ भी मौजूद रहा। घटना के बाद ट्रेन को एसीपी में खड़ा किया गया और आवश्यक प्रक्रिया के बाद रवाना किया गया। ट्रेन के जाने के बाद ट्रैक पर शव दो हिस्सों में पड़ा मिला। मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि मौके पर कोई टिकट नहीं मिला। बाद में यात्रियों की सूचना पर प्लेटफार्म से उसका ट्रॉली बैग और एक अन्य बैग बरामद किया गया, जिसमें कपड़े, आधार कार्ड और करीब 4 लाख रुपये नकद मिले।
जीआरपी के हेड कांस्टेबल मनोज चौधरी और बाबूलाल लोने ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी के अनुसार प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि हादसा मृतक की लापरवाही के कारण हुआ। मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।
