इंदौर: तुकोगंज पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कंपनी संचालक समेत पांच आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने जांच के दौरान कंपनी के ऑफिस से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किए हैं.थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि 34 वर्षीय फरियादी नितेश भगत निवासी ग्राम बनेड़िया, देपालपुर ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे इंफिनिक्स इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के संचालक मनीष पांडे ने फोन कर शेयर मार्केट में निवेश पर ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच दिया. इसके बाद कंपनी की कथित मैनेजर नेहा जैन सहित अन्य कर्मचारियों ने अलग-अलग चरणों में उसे निवेश के लिए प्रेरित किया. शुरुआत में छोटा लाभ देकर उसे विश्वास में लिया, फिर टर्मिनल और अन्य सुविधाओं के नाम पर उससे 4.80 लाख रुपए जमा करा लिए. बाद में खाते में राशि शून्य दिखने पर ठगी का खुलासा हुआ.
आंध्रप्रदेश निवासी एक व्यक्ति से भी करीब 4.26 लाख ठगे सी तरह आंध्रप्रदेश निवासी एक अन्य व्यक्ति से भी करीब 4.26 लाख रुपए की धोखाधड़ी सामने आई है. शिकायत पर पुलिस टीम ने अभय प्रशाल के पास स्थित कंपनी के ऑफिस पर दबिश दी. तलाशी में 23 सीपीयू लैपटॉप, 14 डीवीआर, मोबाइल, सिम, चेकबुक, फाइलें सहित अन्य उपकरण और दस्तावेज जब्त किए. सभी सामग्री को सील कर मालखाने में जमा कराया है. आरोपी मनीष पांडे, अनिमेष चौहान, संदीप त्यागी, अनुराग सैहलानी और नेहा जैन के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
