पेरिस, 06 अप्रैल (वार्ता) बैंक ऑफ फ्रांस ने कहा है कि उसने न्यूयॉर्क में रखे अपने शेष स्वर्ण भंडार को वापस ले लिया है और उसके स्थान पर पेरिस स्थित अपने भंडार में समान मात्रा का सोना रख लिया है।
बैंक के अनुसार यह मात्रा 129 टन है, जो उसके कुल स्वर्ण भंडार का लगभग पांच प्रतिशत है। फ्रांस लंबे समय से अपने कुछ स्वर्ण भंडार को फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ न्यूयॉर्क में रखता आया था। फ्रांस ने 1960 के दशक में ही अपने स्वर्ण भंडार को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, जब ब्रेटन वुड्स सिस्टम के अंत की ओर परिस्थितियां बनीं। इसके बावजूद न्यूयॉर्क में थोड़ी मात्रा में सोना अब तक रखा हुआ था।
पिछले दो दशकों में बैंक पुराने या गैर-मानक स्वर्ण भंडार को आधुनिक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बार से बदल रहा है। फ्रांस ने 2024 की आंतरिक समीक्षा के बाद जुलाई 2025 से जनवरी 2026 के बीच अमेरिका में रखे सोने को बदलने की प्रक्रिया पूरी की।
इस प्रक्रिया में सोने को सीधे लाने के बजाय उसे बेचकर यूरोप में नए मानक के स्वर्ण बार खरीदे गए। बैंक के गवर्नर फ्रांसिस विलरॉय डी गाल्हॉ ने कहा कि नये स्वर्ण भंडार को पेरिस में रखने का निर्णय राजनीतिक नहीं है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। सोने की बढ़ती कीमतों के कारण इस कदम से बैंक को लगभग 13 अरब यूरो (15 अरब डॉलर) का पूंजीगत लाभ हुआ। इससे बैंक ने 2025 में 8.1 अरब यूरो का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि 2024 में 7.7 अरब यूरो का घाटा हुआ था। फ्रांस का कुल स्वर्ण भंडार लगभग 2,437 टन पर स्थिर बना हुआ है, जिसे अब पूरी तरह पेरिस स्थित भूमिगत भंडार में रखा गया है। बैंक ने कहा कि लगभग 134 टन स्वर्ण को अभी भी आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाया जाना है, जिसे 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

