छिंदवाड़ा: शहर के एमएलबी स्कूल में पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले का शुभारंभ नगर निगम महापौर विक्रम अहके द्वारा रिबन काटकर किया गया। आयोजन के दौरान एसडीएम सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल, सहायक संचालक पी.एल. मेश्राम, डी.पी. डेहरिया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अशरफ अली, शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मेले में प्रारंभ से ही विद्यार्थियों एवं पालकों की उत्साहजनक उपस्थिति देखने को मिली। उचित मूल्य पर छूट के साथ पुस्तकें, स्टेशनरी सामग्री एवं गणवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने खरीददारी की। प्रथम दिवस में लगभग 1540 विद्यार्थियों एवं पालकों ने मेले का लाभ लिया तथा कुल लगभग 1 लाख 18 हजार रुपये का विक्रय हुआ। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन एवं सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार द्वारा भी मेले का भ्रमण किया गया।
इस दौरान कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने विक्रेताओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।इस अवसर पर जिले द्वारा ‘बुक बैंक का नवाचार भी प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत छात्र-छात्राएं एवं पालक अपनी पुरानी पुस्तकें जमा कर रहे हैं, जिन्हें जरूरतमंद विद्यार्थियों को नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
