खंडवा को सौगात: शहर में बनेगा 20 करोड़ का गीता भवन, गौरीकुंज सभागृह का होगा जीर्णोद्धार

खंडवा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी

ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान जनजातीय कार्य विभाग में हाल ही में किए गए स्थानांतरण और नियुक्तियों की जानकारी मिलने पर प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर ऋषभ गुप्ता को निर्देश दिए कि यदि कोई नियुक्ति या स्थानांतरण अवैध तरीके से किया गया है तो ऐसे सभी आदेश तत्काल निरस्त किए जाएं और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

प्रभारी मंत्री ने ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की जानकारी लेते हुए बताया कि प्रसादालय के ऊपर प्रथम और द्वितीय तल पर डॉरमेट्री का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही अति विशिष्ट व्यक्तियों के लिए विश्राम गृह भी बनाया जा रहा है। उन्होंने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को निर्देश दिए कि ओंकारेश्वर में मावा और प्रसाद की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए तथा खाद्य पदार्थों के सैंपल प्रयोगशाला में भेजे जाएं।

बैठक में गेहूं और चना उपार्जन की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उपार्जन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने बैठक में जानकारी दी कि खंडवा शहर में 20 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसमें ई-लाइब्रेरी और ऑडिटोरियम की सुविधा भी प्रस्तावित है। साथ ही गौरीकुंज सभागृह के जीर्णोद्धार के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

बैठक में विधायक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

ट्रंप ने डीएचएस अधिकारियों को सभी कर्मचारियों को वेतन देने का रास्ता निकालने का निर्देश दिया

Sat Apr 4 , 2026
वाशिंगटन, 04 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए अधिकारियों को समाधान खोजने का निर्देश दिया है, क्योंकि कांग्रेस में गतिरोध के चलते करीब दो महीने से वित्तीय संकट बना हुआ है। श्री ट्रंप ने जारी ज्ञापन में डीएचएस […]

You May Like