93 लाख के घोटाले में सीएमएचओ निलंबित

जबलपुर: स्वास्थ्य विभाग में व्यापक भ्रष्टचार का खुलासा होने के बाद राज्य शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य चिकित्या एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा गठित जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर भोपाल मुख्यालय से यह आदेश जारी किए गए हैं। इस पूरे मामले में सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये की चपत लगाने के साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों के गायब होने की पुष्टि हुई है। जांच में पाया गया कि विभागीय स्तर पर वित्तीय नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई और बिना सामग्री प्राप्त किए ही निजी कंपनियों को भुगतान कर दिया गया। शुक्रवार रात से ही सीएमएचओ के निलंबित होने का आदेश सरकारी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों के बीच में सुर्खियों में बना रहा।
ये है मामला
विदित हो कि गत दिवस कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने फर्जी देयकों के माध्यम से निजी फर्म को भुगतान मामले में दोषी पाए जाने पर स्टोर कीपर और फार्मासिस्ट नीरज कौरव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में गठित जांच दल ने पाया था कि भोपाल की निजी कंपनी सिंह एंटरप्राइजेज को लाभ पहुंचाने 12 फर्जी देयकों के माध्यम से साइनिज निर्माण और स्वास्थ्य केंद्र सामग्री के नाम पर 93, 04, 998 रुपये का भुगतान किया गया था, जबकि भौतिक रूप से यह सामग्री प्राप्त नहीं हुई थी। जांच रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए डायरेक्टर एनएचएम भोपाल को प्रेषित कर दिया गया है। इसके बाद शुक्रवार को सीएमएचओ की संलिप्तता के चलते उनके खिलाफ भोपाल मुख्यालय स्तर से निलंबन के आदेश जारी हो गए।
गौरतलब है कि संविदा आधार पर नियुक्त जिला कार्यक्रम प्रबंधक आदित्य तिवारी और फार्मासिस्ट जवाहर लोधी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से हटाकर जांच पूरी होने तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहोरा में पदस्थ किया गया है। उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव डायरेक्टर एनएचएम भोपाल को भेजा गया है।

Next Post

भाजयुमो की प्रदेश कार्यकारिणी में जबलपुर से सिर्फ 2 को मिली जगह

Sat Apr 4 , 2026
जबलपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के एप्रूवल के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने 56 पदाधिकारियों की प्रदेश कार्यकारिणी सूची जारी कर दी है। इस सूची में जबलपुर से सिर्फ दो नामों को चयनित किया गया है जिसमें योगेंद्र सिंह ठाकुर […]

You May Like