
जबलपुर। ओमती थाना अंतर्गत कलेक्ट्रेट के पास एक्सिस सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए युवक का मोबाइल झपट लिया और रफूचक्कर हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार माधव ककवानी (18) निवासी कार्तिक होटल के पास, ओमती रोज की तरह बीती रात वॉक पर निकला था। वह तैयब अली चौक से पर्यटन तिराहा और हाईकोर्ट चौक होते हुए इंडियन कॉफी हाउस की ओर मुड़ा था। जैसे ही माधव कलेक्ट्रेट गेट नंबर 1 से थोड़ा आगे बढ़ा, पीछे से एक ग्रे रंग की सुजुकी एक्सिस पर सवार दो युवक आए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से बांध रखे थे। बदमाशों ने मौका देखते ही माधव के हाथ से उसका आईफोन छीना और तेज रफ्तार में फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से युवक सन्न रह गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रूट और उनकी पहचान की जा सके।
