उत्तराखंड की कानून व्यवस्था हो चुकी है ध्वस्त : राहुल

नयी दिल्ली, 31 मार्च (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि यह अत्यंत चिंता की बात है कि शांति और सुरक्षा की पहचान रखने वाले उत्तराखंड की कानून व्यवस्था भाजपा शासन में ध्वस्त हो गई है और वहां सीमाओं की रक्षा करने वाले सैन्य अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं।

श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर मंगलवार को एक पोस्ट में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से देहरादून में अपराध बढ़ रहे हैं उससे साबित हो गया है कि भाजपा शासन में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।

उन्होंने लिखा “देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी के जोशी जी की दिनदहाड़े निर्मम हत्या साफ बताती है कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरहद पर देश की रक्षा में जीवन समर्पित करने वाले ही आज अपने शहर में ही असुरक्षित हैं, आम नागरिक और कई समुदाय डर कर जीने को मजबूर हैं। भाजपा राज में सिर्फ़ अपराधी बेखौफ और महफूज़ है।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि कभी शांति और सुरक्षा की पहचान रहा हमारा उत्तराखंड, आज भाजपा के ग़ैर-जिम्मेदार नेतृत्व में हिंसा, हत्या और भय के साये में सिमट कर रह गया है।

गौरतलब है कि राजपुर थानाक्षेत्र के जोहड़ी गांव में युवकों के दो गुटों के बीच फायरिंग में सुबह की सैर पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। ब्रिगेडियर जोशी का किसी गुट से कोई संबंध नहीं था।

 

Next Post

26 साल पुराने वन्यजीव तस्करी मामले में छह दोषी करार, दो साल की जेल

Tue Mar 31 , 2026
नयी दिल्ली, 31 मार्च (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की लखनऊ स्थित विशेष अदालत ने 26 साल पुराने वन्यजीव तस्करी के एक मामले में छह आरोपियों को दो साल की कैद की सजा सुनाई है। सीबीआई ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी है। इस मामले में आरोपियों […]

You May Like