नयी दिल्ली 16 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 18 और 19 फरवरी को असम के दो दिवसीय दौरे पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगी। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी 18 फरवरी को गुवाहाटी स्थित राजीव भवन पहुंचेंगी, जहां स्क्रीनिंग कमेटी, राजनीतिक मामलों की समिति और विभिन्न जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। इसके अलावा वह विधायकों, पूर्वोत्तर कांग्रेस समन्वय से जुड़े नेताओं और सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा करेंगी।
श्रीमती वाड्रा के इस दौरे का मुख्य आकर्षण नेताओं के साथ उनकी वन-टू-वन मीटिंग होगी जिसमें वह संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और जमीनी मुद्दों पर विस्तार से बातचीत करने वाली हैं। इस दौरान 19 फरवरी को वह कार्यकारी अध्यक्षों, सांसदों और विभिन्न प्रकोष्ठों व विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद वह दिसपुर में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर दिल्ली के लिए रवाना होंगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, यह दौरा असम में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से अहम माना जा रहा है।

