भिंड: गोहद नगर के वार्ड नंबर 12, गोहद्दी गेट स्थित सुप्रसिद्ध श्री छैकुर हनुमान जी मंदिर में आगामी 2 अप्रैल को भक्ति और शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में भव्य मेले के साथ-साथ विशाल दंगल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज के नामी पहलवान अपनी कुश्ती का हुनर दिखाएंगे।
हनुमान मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ खान-पान के विभिन्न स्टाल भी लगाए जाएंगे। वहीं, दंगल को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए समिति और स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
