
भोपाल। गुनगा थाना पुलिस ने एम.पी. ऑनलाइन दुकान में चोरी की घटना का खुलासा किया है. पुलिस ने शातिर आरोपी गिरफ्तार कर लाखों का सामान बरामद किया है.
पुलिस के मुताबिक रविवार को फरियादी शुभम शर्मा (30 वर्ष) निवासी ग्राम मुड़ियाखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई. फरियादी ने बताया कि 28 मार्च की रात्रि में ग्राम दुपाड़िया स्थित उसकी एम.पी. ऑनलाइन दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा कम्प्यूटर, प्रिंटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 93 हजार रूपए थी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गुनगा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों—दुपाड़िया चौराहा, निपानिया टोल टैक्स आदि स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का खंगाले. तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एक संदिग्ध ऑटो को चिन्हित किया गया, जो गांधीनगर की ओर जाता पाया गया.
संदेह के आधार पर ऑटो चालक मुबीन मेवाती (23 वर्ष), निवासी रामनगर कॉलोनी, दोराहा जिला सीहोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों अभिषेक, रेहान एवं एक अन्य के साथ मिलकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया.
आरोपी की निशानदेही पर एयरोसिटी रोड, गांधीनगर क्षेत्र में खेत के किनारे छुपाया गया चोरी का सामान बरामद किया गया. आरोपी ने अन्य चोरी का सामान अपने परिचितों के पास रखना बताया. पुलिस अब अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है.
