भोपाल: स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बुधवार 25 मार्च को दोपहर 1 बजे प्रदेश की कक्षा 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम जारी होने के साथ ही लाखों विद्यार्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है।
छात्र अपना परीक्षा परिणाम राज्य शिक्षा केंद्र की आधिकारिक वेबसाइट www.rskmp.in/result.aspx पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज करनी होगी। इसी पोर्टल के माध्यम से शिक्षक और संस्था प्रमुख भी अपनी शाला का विद्यार्थीवार परिणाम देख सकेंगे। परिणाम देखने के लिए वेब पोर्टल की लिंक क्यूआर कोड के जरिए भी उपलब्ध कराई गई है।
गौरतलब है कि इस वर्ष कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं, जो 20 से 28 फरवरी के बीच संपन्न हुईं। इन परीक्षाओं में प्रदेश की शासकीय, अशासकीय स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के कुल 23 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें कक्षा 5वीं के 12 लाख 76 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं के 10 लाख 92 हजार से अधिक छात्र शामिल थे।
