इम्फाल, 24 मार्च (वार्ता) मणिपुर में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इम्फाल हवाईअड्डे पर फर्जी आधार कार्ड के साथ एक किशोर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया और राज्यभर में चलाए गए अभियानों में 13 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, थौबल जिले के लिलोंग अतौखोंग मणिंग लेइकाई निवासी आलम आजाद और एक नाबालिग को सोमवार को इम्फाल एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। इनके पास से अलग-अलग नामों वाले लेकिन समान फोटो वाले आधार और मतदाता पहचान पत्र समेत कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए।
इसके बाद राज्यभर में चलाए गए अभियानों में मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 13 सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। बिष्णुपुर जिले में एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया, जबकि इम्फाल पूर्व जिले में दो अन्य को पकड़ा गया।
भारत-म्यांमार सीमा पर तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र में सीमा स्तंभ 77 से 82 के बीच बड़े अभियान में सुरक्षा बलों ने एक संगठन के 10 सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। इनमें पांच की पहचान हो चुकी है, जबकि पांच नाबालिग हैं, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच, सुरक्षा बलों ने माओ चेक पोस्ट पर एक सफेद कार को रोककर चालक फिरोज (इम्फाल पूर्व) को 174 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 5,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया गया। सभी मामलों में जांच जारी है।
