सतना: मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई, जिससे युवक को सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप साकेत (21) पुत्र रामाधार साकेत, निवासी नई बस्ती-बदेरा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि संदीप रविवार रात बाइक (MP19, ZB 0602) से कहीं जा रहा था। इसी दौरान गोरसरी और मड़वार गांव के बीच उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पिलर से जा टकराई। घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह और पायलट रामधनी कुशवाहा ने युवक को तत्काल एफआरवी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
