मैहर :चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्रि के तीसरे दिन शनिवार को देशभर से पहुंचे भक्तों ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ माता के दर्शन किए। प्रशासन द्वारा की गई चाक-चौबंद सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्था के चलते दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। सीढ़ी मार्ग सहित सभी मार्गों पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिससे भक्तों ने सहज रूप से माता के दर्शन किए।
शनिवार को 89 हजार 936 श्रद्धालुओं ने मां शारदा देवी के दर्शन किए। इनमें से 79 हजार 413 श्रद्धालु पैदल मार्ग, 1 हजार 323 वैन मार्ग तथा 3 हजार 200 श्रद्धालु रोपवे मार्ग से मंदिर पहुंचे। नवरात्रि पर्व के चलते मंदिर परिसर में लगातार भक्तों की भीड़ बनी हुई है। प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से माता के दर्शन कर सकें।
