
जबलपुर। अधारताल पुलिस ने गांधी चौक कटरा स्थित एक मकान की छत पर दबिश देकर 25 पेटी अवैध देशी शराब का जखीरा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
सीएसपी अधारताल थाना राजेश्वरी कौर ने बताया कि सूचना मिली कि गांधी चौक निवासी विवेक कोरी के मकान की छत को अवैध शराब के गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। अधारताल पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही छत पर मौजूद गौरव जायसवाल गेट के सहारे नीचे कूद गया और अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। मौके पर पुलिस ने नारायण जायसवाल (62) और मकान मालिक विवेक कोरी (22) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान छत पर रखी 25 पेटियों में कुल 1250 पाव देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी नारायण जायसवाल ने बताया कि उसने और उसके बेटे गौरव ने अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से यह शराब छिपाई थी। वहीं मकान मालिक विवेक कोरी ने खुलासा किया कि गौरव और नारायण ने उसे शराब बिकने के बाद मुनाफे में हिस्सा देने का लालच दिया था, जिसके कारण उसने अपनी छत पर शराब रखवाई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फरार गौरव जायसवाल की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
