
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोहनाका स्थित शांति नाथ दिगंबर जैन मंदिर में चोर ने भगवान की प्रतिमा के पास रखा कीमती चांदी का छत्र पार कर दिया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस के मुताबिक आलोक जैन निवासी शांति नगर ने बताया कि मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे थे। जब वे वेदी के सामने खड़े हुए, तो उन्होंने देखा कि भगवान की मूर्ति के बगल में रखा चांदी का छत्र अपनी जगह पर नहीं है।
छत्र गायब देखकर आलोक जैन ने तत्काल मंदिर के पुजारी और समिति के अन्य सदस्यों से पूछताछ की। जब किसी को भी इस बारे में जानकारी नहीं मिली, तो मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज चेक करने पर पता चला कि एक अज्ञात व्यक्ति बड़े ही शातिर तरीके से मंदिर से छत्र उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। चोरी गए चांदी के छत्र की अनुमानित कीमत करीब 50, 000 रुपये बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के हुलिए की पहचान कर रही है। जैन समाज ने इस घटना पर रोष व्यक्त किया है और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और छत्र की बरामदगी की मांग की है।
