भिंड: आलमपुर नगर के सुप्रसिद्ध और प्राचीन कामांक्षा देवी मंदिर में हुई चोरी की वारदात के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लगातार हो रही चोरियों और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने आलमपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि धार्मिक आस्था के केंद्र कामांक्षा मंदिर में चोरी होना बेहद निंदनीय है। इससे क्षेत्र की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने भिंड पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा: “मैं पुलिस और प्रशासन को 10 दिन का समय दे रहा हूँ। अगर 10 दिन के अंदर चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जायेगा। पिछले महज दो महीनों के भीतर नगर में 4 से 5 बड़ी चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक भी मामले का खुलासा करने में नाकाम रही है।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजू मौल्या, मोन्टी राजावत, हिम्मत सिंह कौरव, रमा चौधरी, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह कौरव, विजय बहादुर चौहान, पं रामनारायण द्विवेदी, भुवनेश तीतविलासी, रामवीर चौहान (मंटू), उदयवीर कौरव, सुदामा कौरव उपस्थित रहे।
