सलामतपुर: भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर आए दिन हादसे बढ़ते ही जा रहे हैं। इन हादसों की मुख्य वजह तेज़ रफ़्तार और सड़क का संकरा होना है। ऐसे ही एक मामले में दीवानगंज स्थित कुलहाड़िया बिजली घर के सामने बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। विदिशा से इंदौर गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक का पहिया सड़क किनारे लगे बिजली के लोहे के खंभों पर चढ़ गया, जिससे टायर फट गया और वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सांची अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विदिशा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर आया है।
शीघ्र हो 4 लेन, तब आएगी हादसों में कमी
भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लेन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लेन करने की मांग की है।
इनका कहना है।
थाना क्षेत्र में हाइवे 18 के कुल्हाड़िया गांव पर एक गेंहू से भरा हुआ ट्रक कार को बचाने के प्रयास में पलट गया। जिससे ड्रायवर क्लीनर घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
