चित्रकूट में 2 स्थानों पर महिला श्रद्धालुओं के पर्स चोरी

सतना : एक ओर जहां धर्म नगरी चित्रकूट में देश भर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी होती जा रही है. लेकिन वहीं दूसरी श्रद्धालुओं के सामान की चोरी-छिनैती और जेबकतरी जैसी घटनाएं जिले की कानून-व्यवस्था की साख पर पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को चित्रकूट के आरोग्यधाम और गुप्त गोदावरी क्षेत्र में दो महिला श्रद्धालुओं के कीमती सामान से भरे पर्स चोरी हो जाने की घटना सामने आ गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी श्रीमती सावित्री दुबे और उनका परिवार चित्रकूट दर्शन-पूजन के लिए पहुंचा था. मंगलवार की सुबह भगवान कामतानाथ का दर्शन और कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा आरंभ करने से पहले दुबे परिवार आरोग्यधाम के पंचवटी घाट पर पहुंच गया. अपना-अपना सामान घाट पर रखने के बाद सभी लोग एक एक करके मंदाकिनी नदी में स्नान करने लगे. लेकिन इसी दौरान श्रीमती सावित्री ने अपना पर्स लेना चाहा तो वह वहां नजर नहीं आया.

यह देख सभी लोगों ने मिलकर पर्स की खोजबीन शुरु की. लेकिन काफी प्रयास के बावजूद भी उसका कोई पता नहीं चला. बताया गया कि पर्स में 15 हजार रु नकद, मोबाइल, घर की चाबियां और आधार कार्ड सहित अन्य महत्चपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे. परिजनों द्वारा घटना की शिकायत चित्रकूट थाने में की गई. थाना प्रभारी गिरजी शंकर वाजपेयी के अनुसार पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है. घाट की ओर जाने वाले रास्ते सहित आस पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है.
गुफा के अंदर से पर्स चोरी
नागपुर महाराष्ट्र निवासी श्रीमती विद्धा मिश्रम अपने पति तिलकराव मिश्रम सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चित्रकूट दर्शन-पूजन के लिए आई थीं. इसी कड़ी में मंगलवार की दोपहर सवा 12 बजे वे गुप्त गोदावरी पहुंच गए. गुप्त गोदवारी की गुफा के अंदर जाने के दौरान ही अचानक श्रीमती मिश्रम का पर्स चोरी हो गया. पर्स में 6 हजार रु नकद और 2 एटीएम कार्ड रखे हुए थे. बताया गया कि प्रथम गुफा में संचालित फूल-माला की दुकान से लेकर गुफा के अंदर के बीच यह घटना हुई.

जिसे देखते हुए श्रद्धालु द्वारा गुफा से बाहर निकलकर प्रभारी को घटना की सूचना दी गई. लेकिन सीसीटीवी ऑपरेटर के गैरमौजूदगी के चलते चोरी के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी. गौरतलब है कि परिक्रमा पथ से लेकर अन्य धर्म स्थलों में चोरी, जेब कटने और छिनैती जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं. लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस की कार्रवाई महज प्रकरण दर्ज करने से आगे बढ़ती नजर नहीं आती है

Next Post

होर्मुज में ईरान के खिलाफ अमेरिका की मदद करेगा फ्रांस! राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बता दिया अपना प्लान

Wed Mar 18 , 2026
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के 19वें दिन ड्रोन और मिसाइल हमले जारी हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तनाव का केंद्र बना है; फ्रांस ने सुरक्षा में मदद देने की तैयारी जताई। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के 19वें दिन ड्रोन और मिसाइल हमलों का सिलसिला […]

You May Like