भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से प्रदेशवासियों से जल संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च से शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 100 दिवसीय अभियान जल संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन में अपनी भूमिका निभाएं।
उधर, सीएम डॉ यादव ने गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोहर पर्रिकर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि पर्रिकर ने अपने प्रत्येक दायित्व का निर्वहन करते हुए देश सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सादगी, संयम और समर्पण से परिपूर्ण उनका व्यक्तित्व सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
