इंदौर: पुलिस ने शहर भर में देर शाम से रात तक बड़े पैमाने पर सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया. चारों जोन में की गई इस सघन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 225 लापरवाह चालकों के खिलाफ कार्रवाई की. वहीं ड्रग्स और गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह और आरके सिंह के मार्गदर्शन में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में डीसीपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने गुंडे-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग व पेट्रोलिंग की.
इस दौरान विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 61 से अधिक गैर जमानती वारंट तामील कराए, जिनमें 16 स्थायी और 45 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं. वहीं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया. सदर बाजार पुलिस ने एक तस्कर से 10.39 ग्राम एमडी ड्रग्स, खजराना पुलिस ने एक आरोपी से 12 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा चंदन नगर पुलिस ने एक आरोपी से करीब आधा किलो अवैध गांजा जब्त किया.
इसी दौरान अवैध शराब बेचने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 111 से अधिक मर्टर देशी शराब और 24 बीयर बोतल जब्त की गई. जबकि दो बदमाशों को चाकू लेकर घूमते पकड़ा. वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए, जबकि मादक पदार्थ का सेवन करने वाले तीन लोगों पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
हॉटस्पॉट क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी
अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग कर निगरानी रखी. इस दौरान निगरानीशुदा बदमाशों, चाकूबाजों और जिलाबदर अपराधियों को भी चेक कर उन्हें दोबारा अपराध न करने की सख्त हिदायत दी गई. कई फरार आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है
