सशक्तिकरण की पहल: अभिनेत्री कृति सेनन ने भोपाल महिला थाने में जानी सर्वाइवर्स की दास्तां

भोपाल। अभिनेत्री एवं संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की गुडविल एंबेसडर कृति सेनन ने भोपाल के महिला थाने में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में भाग लेते हुए राज्य के जनोन्मुखी पुलिसिंग मॉडल की सराहना की।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयासों को रेखांकित करना था। इसमें सामाजिक संगठनों, सर्वाइवर महिलाओं, छात्रों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह एक बहुआयामी और प्रभावशाली पहल बन गई।

कार्यक्रम में ‘आरंभ’ की अर्चना सहाय और ‘संगिनी’ की प्रार्थना मिश्रा सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। एक भावनात्मक सत्र के दौरान ‘नाता प्रथा’ और अन्य प्रकार के उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए।

बीएसएस कॉलेज के ‘मयार ग्रुप’ द्वारा नशा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं झुग्गी बस्तियों के बच्चों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में कृति सेनन ने परिसर का दौरा कर इस पहल को समावेशी और संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

Next Post

मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित

Thu Apr 9 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पदों पर भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह भर्ती प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित की गई थी, जिसके तहत अगस्त 2025 में 7,500 पदों के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। इस भर्ती के लिए प्रदेशभर से 9 […]

You May Like