हिमाचल प्रदेश पुलिस ने लापता महिला का पता लगाया, कई घोषित अपराधी गिरफ्तार

धर्मशाला, 15 मार्च (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में देहरा जिले के एक विशेष पुलिस दल ने 16 फरवरी को लापता हुई एक महिला का पता लगाकर उसे उसके परिवार से मिला दिया है। पुलिस दल ने एक विशेष अभियान के तहत कई घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

देहरा जिले के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने यूनीवार्ता को बताया कि उनके नेतृत्व में घोषित अपराधी और लापता व्यक्ति इकाई नामक एक विशेष इकाई का गठन किया गया है। इस इकाई को अदालतों द्वारा घोषित अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अदालती आदेशों को लागू करने और लापता व्यक्तियों के लिए प्रभावी तलाशी अभियान चलाने का कार्य सौंपा गया है।

श्री चौधरी ने बताया कि 14 मार्च को विशेष दल ने एक लापता महिला नेहा (दिवंगत शमी कुमार की पत्नी) का पता लगाया। नेहा देहरा तहसील के करयादा डाकघर के अंतर्गत आने वाले कुंडलीहार गांव की निवासी है। उन्होंने बताया कि उसके लापता होने की रिपोर्ट 16 फरवरी को देहरा पुलिस थाने में दर्ज की गयी थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला का पता लगा लिया गया और बाद में उसे उसके परिवार के सदस्यों से मिला दिया गया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान से पहले दल ने तीन घोषित अपराधियों रणवीर धीमान को भी गिरफ्तार किया था और उन्हें सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया था।

देहरा पुलिस ने जनता से जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है। श्री चौधरी ने कहा, “कानून से बचने का कोई भी प्रयास व्यर्थ है। यदि किसी के पास संदिग्ध गतिविधियों या अपराधियों के बारे में कोई जानकारी है, तो उन्हें तुरंत पुलिस को सूचित करना चाहिए। यह जानकारी समाज को अधिक सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।”

 

 

Next Post

कश्मीर के उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया: सेना

Sun Mar 15 , 2026
श्रीनगर, 15 मार्च (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के उरी सेक्टर में सुरक्षा बलों ने कल रात घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया और इस ऑपरेशन के दौरान एक संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। कश्मीर क्षेत्र में इस वर्ष नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की यह पहली कोशिश […]

You May Like

मनोरंजन